इस्लाम
विकिपीडिया, एक मुक्त ज्ञानकोष से
ईसाई धर्म के बाद अनुयाइयों के आधार पर दुनिया का दूसरा सब से बड़ा धर्म है। इस्लाम शब्द अरबी भाषा का शब्द है जिसका मूल शब्द सल्लमा है जिसकी परिभाषा हैं आत्मसमर्पण. इस्लाम धर्म का प्रमुख विश्वास यह है कि ईश्वर सिर्फ़ एक है और पूरी सृष्टि में सिर्फ़ वह ही महिमा (इबादत) के लायक है, और दूसरा यह कि सृष्टि में हर चीज़, ज़िंदा और बेजान, दृश्य और अदृश्य उसकी इच्छा के सामने आत्मसमर्पित और शांत है। इस्लाम धर्म की पवित्र पुस्तक का नाम क़ुरान है जिसका अरबी में मतलब “पढ़ाई” है। इसके अनुयाइयों को अरबी में मुस्लिम, और हिन्दी में मुसलमान कहा जाता है। मुसलमान यह विश्वास रखते है कि क़ुरान जिब्राईल (Gabriel) नामी एक फ़रिश्ते के द्वारा एक सन्देशवाहक (पैग़म्बर या रसूल) के दिल पर (एक पुस्तक की सूरत में ) उतरी, जिनका नाम मुहम्मद था। मुसलमानों के लिये मुहम्मद ईश्वर के अन्तिम दूत थे और क़ुरान मनुष्य जाति के लिये अन्तिम संदेश है।